मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव मोहनपुर अडूकी में चोरों ने एक प्रापर्टी डीलर के घर से लाखों की नकदी और 15 तोले सोने के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। आशंका व्यक्त की जा राही है कि चोरों ने घटना से पूर्व स्प्रे कर परिवारीजनों को बेहोश कर दिया। घटना की जानकारी परिवारीजनों को तब हुई जब वे सुबह देर से जागे।
गांव मोहनपुर के आसपास प्रापर्टी डीलर कॉलोनी बना रहे हैं। इसमें मोहनपुर निवासी शिवगणेश बड़े प्रॉपर्टी डीलरों के लिए किसानों से जमीन के सौदे आदि क राने में सहायक व मध्यस्थता का काम करते हैं। बुधवार रात शिवगणेश मकान के बाहर चबूतरे पर सोए थे और उनकी पत्नी सावित्री व बड़ा बेटा राम व पुत्रवधू राधा व अन्य लोग मकान में अंदर सोए थे। रात में चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घटना से पूर्व स्प्रे कर सभी को अचेत कर दिया और सावित्री के सिराहने रखी कमरों की चाबी हथिया ली।
चोरों ने एक एक-कर कमरे खोल लिए और अलमारी में रखे 1.83 लाख की नकदी, 15 तोले सोने के जेवर व आधा किलो चांदी के जेवर व कीमती सामान पार कर दिया। परिवारीजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब सभी लोग देर से जागे और सावित्री को चाबी सिराहने नहीं मिली। सूचना पर हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। शिवगणेश ने चोरी की तहरीर हाईवे पुलिस को दी है।