मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी एक निर्माणाधीन कालोनी में एयरोप्लेन टैंक फ्यूल (एटीएफ) की पाइप लाइन में वाल्व लगाकर चोरी का मामला सामने आने पर खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे रिफाइनरी अधिकारियों और पुलिस ने मौके से सामान बरामद कर लिया। उक्त पाइप लाइन मथुरा से जालंधर को जाती है।
थाना हाइवे क्षेत्र स्थित इस कालोनी के पीछे खाली पड़ी जमीन पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। बताया जाता है कि सोमवार को यहां जेसीबी का पहिया जमीन में धंस गया। इससे वहां तेल निकलने लगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रिफाइनरी के अधिकारियों ने जब पुलिस की मौजूदगी में पाइप लाइन को सही करने के लिए खोदाई की तो पता चला कि पाइप लाइन में वाल्व लगा हुआ था। इसके साथ ही मौके पर ड्रम और पाइप आदि पडे़ मिले। एक ड्रम में तेल भी भरा हुआ मिला।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कालोनी गेटबंद है। इसके बाद भी पाइप लाइन में वाल्व लगा होने पर सवाल उठ रहे हैं। यदि तेल चोरी होकर टैंकरों में जा रहा था तो टैंकरों की बेरोकटोक आवाजाही होना कालोनी कर्मचारियों की मिलीभगत की ओर इशारा कर रही है।
कालोनी के ऑफिस में है रिफाइनरी का कर्मी
एयरोप्लेन टैंक फ्यूल की पाइप लाइन में चोरी की सूचना मिलने पर अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जब कालोनी कार्यालय के कर्मचारियों को बुलाया गया। मौके पर जो कर्मी पहुंचे उनमें एक कर्मचारी पूर्व में रिफाइनरी से रिटायर्ड बताया जा रहा है।
----------------------------
अभी तक रिफाइनरी अधिकारियों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यदि अधिकारियों की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया जाएगा तो पुलिस अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज करेगी।
नितिन तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक