वृंदावन। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर धर्मनगरी वृंदावन में भी रथयात्रा महोत्सव श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। नगर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ 29 जून को रथ में बैठकर भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
ज्ञानगुदड़ी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव रविवार को विविध अनुष्ठानों के साथ मनाया जाएगा। शाम तीन बजे पारंपरिक पूजा पद्घति के उपरांत भगवान जगन्नाथ, बलराम और बहन सुभद्रा पुष्पों से सुसज्जित रथ में सवार होकर नगर भ्रमण को निकलेगें। नगर के सप्त देवालयों में रथयात्रा महोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए मंदिर संचालक और श्रद्धालु अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर रथ यात्रा मार्ग में कई जगह गंदगी के ढेरों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
-------
महोत्सव की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
वृंदावन। उद्धव तीर्थ स्थल विकास की ज्ञानगुदड़ी स्थित गोपी उद्धव संवाद स्थल पर आयोजित बैठक में रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में लवकुमार शर्मा ने बताया कि रथयात्रा के अवसर पर सायंकाल पंचमुखी हनुमानजी का भव्य फूलबंगला और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संत गोपालाचार्य, नंदकिशोर शर्मा, सुरेशचंद्र गौड़, गोविंद शर्मा, हरिओम शर्मा, मुन्ना शर्मा, श्याम शर्मा आदि उपस्थित थे।
-------
पुलिस, पालिका ने किए इंतजाम
वृंदावन। रथयात्रा में सुरक्षा के कोतवाली पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। एसओ वृंदावन के अनुसार सुरक्षा की दृष्टिगत भारी पुलिसबल के अलावा सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम ने बताया कि जिन मार्गों से होकर रथ गुजरेगा, उस पर पानी और चूने का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा रथ यात्रा मार्ग पर रोशनी की भी व्यवस्था की गई है।