वृंदावन। भीषण गर्मी में ठंडी हवा खाना नौकर को भारी पड़ गया। दुकान मालिक ने उसको पीटकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दुकान मालिक और कई अन्य को हिरासत में लिया है।
बांके बिहारी कालोनी निवासी रॉकी ओटवानी की हरि निकुंज चौराहे पर जनरल मर्चेंट की दुकान है। दुकान पर मुन्ना नामक युवक नौकरी करता आ रहा है। मंगलवार दोपहर गर्मी के कारण नौकर मुन्ना पंखे के नीचे बैठकर आराम फरमाने लगा। दुकान मालिक रॉकी को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने मुन्ना के साथ गाली-गलौज की। मुन्ना के विरोध करने पर रॉकी ने उसे डंडों से पीटकर घायल कर किया। राहगीरों ने नौकर की पिटाई की खबर पुलिस को दी। पुलिस ने रॉकी, उसकेभाई और पिता को हिरासत में ले लिया है। वहीं घायल मुन्ना को अस्पताल में भर्ती कराया है।