मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र के चौक बाजार इलाके में दुकान पर गए सर्राफा करोबारी के युवा पुत्र रजत माहेश्वरी लापता हो गए। पांच दिनों बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
गोविंद नगर क्षेत्र की गली कानूनगो मंडी रामदास में अरुण माहेश्वरी का आवास है। उनकी चौक बाजार स्थित सर्राफा काम्पलेक्स में माहेश्वरी ज्वैलर्स नाम से शॉप है। छह जून को सुबह 10:30 बजे उनके 30 वर्षीय बेटे रजत माहेश्वरी दुकान पर गए। दोपहर 12 बजे आए एक ग्राहक को निकट के दुकान से अंगूठी दिखाई। ग्राहक के चले जाने के बाद 12:30 बजे के लगभग रजत लापता हो गए। दुकान का एसी, पंखा व उनका लैपटॉप चालू मिला।
इस मामले में परिवारीजनों ने छह जून को सायं थाना गोविंद नगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी। रजत के पांच दिन से लगातार गायब रहने को लेकर परिवारीजनों की चिंता बढ़ रही है। अब तक उनके बारे में कोई सूचना भी नहीं मिली है। पुलिस भी अब तक इस मामले में कुछ नहीं कर सकी है।