मथुरा। जनपद के दो थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में चिकित्सक और एक महिला की मौत हो गई।
दीपक शर्मा (40) पुत्र डा. शिवकुमार शर्मा नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ थे। उनकी गोविंद नगर थाने के निकट क्लीनिक है। वो मंगलवार सुबह 10:30 बजे मसानी लिंक रोड स्थित डा. शीला शर्मा मेमोरियल अस्पताल से बाइक पर क्लीनिक जाने के लिए निकले। मसानी लिंक रोड पर मसानी बिजलीघर के निकट पीछे से आई कार ने बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक गिरी, इसी दौरान दीपक का हेलमेट उतर गया और सिर सड़क से टकराया। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी लेकर भाग गया। दीपक शर्मा को गोविंद नगर पुलिस अस्पताल लेकर गई। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में डा. शिवकुमार शर्मा ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरा हादसा थाना हाईवे क्षेत्र में हुआ। छाता कोतवाली के गांव पैगांव निवासी हेमलता (25) मंगलवार को अपने जीजा सत्येन्द्र निवासी गांव कुराना, अलीगढ़ के साथ बाइक से हाईवे सिटी कालोनी में अपनी ससुराल से आ रही थी। मंगलवार सुबह 10 बजे हाईवे थाना क्षेत्र में बाजना पुल के निकट पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए। ट्रक का पहिया हेमलता के सिर के ऊपर से निकल गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। सत्येन्द्र घायल है। ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। मामले में हेमलता के पति नरेन्द्र सिंह चाहर ने हाईवे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।