मथुरा/जैंत। जनपद के तीन थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई वहीं छह लोग घायल हो गए। वहीं बुधवार शाम घायल हुए फरह के चेयरमैन के भाई की आगरा के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई
जैंत चौकी के गांव राल निवासी बाबूलाल सक्सेना हाल निवासी धौलपुर राजस्थान अपने भतीजे की शादी में आए थे। शादी के बाद तड़के वह टेंपो में सवार होकर परिवार सहित वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। छटीकरा रोड पर श्याम पहलवान अखाड़ा के निकट ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 12 वर्षीय हर्षित पुत्र हेमंत की मौके पर मौत हो गई। वहीं वंदना, कृष्णा, वीना, ज्योति, तुलसीराम, श्यामबाबू सक्सेना, बाबूलाल सक्सेना घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान श्यामबाबू सक्सेना भी ने दम तोड़ दिया। मामले में गांव राल निवासी शैलेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने टेंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं गांव दीवाना कलां निवासी रामबाबू का 17 वर्षीय पुत्र पंकज बाइक से मथुरा जा रहा था। मथुरा-राया रोड पर राधे कोल्ड स्टोरेज के निकट कार ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में रामबाबू ने थाना यमुनापार में कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इधर, थाना फरह क्षेत्र में बुधवार शाम फरह के चेयरमैन मुरारीलाल के भाई दिनेश कुमार हाईवे पर गांव गढ़ी रौसू के निकट बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए थे। उन्हें आगरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में दिनेश के भतीजे सोनू शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।