मथुरा। भोजन की गुणवत्ता खराब देखकर राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। शनिवार को यात्रियों ने मथुरा में एक घंटे तक राजधानी एक्सप्रेस को रोके रखा। बाद में भोजन के पैसे वापस दिलाने का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।
त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस का मथुरा में स्टॉपेज नहीं है। लेकिन शनिवार को दोपहर तकरीबन 2:10 बजे राजधानी एक्सप्रेस को यात्रियों ने चेन पुलिंग कर मथुरा जंक्शन पर रुकवा लिया। यात्री स्टेशन पर हंगामा करने लगे। यात्रियों का आरोप था कि दाल और सब्जी में पानी अधिक था। रोटियां अखबार में रखकर दी गईं। शिकायत पुस्तिका तक उपलब्ध नहीं कराई गई। कोटा में भोजन की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान नहीं किया गया। हंयात्री पैसे वापस दिए जाने की मांग कर रहे थे। हंगामा बढ़ता देख आरपीएफ , जीआरपी और रेलवे अधिकारियों ने दिल्ली पहुंचकर पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिलाया। तकरीबन एक घंटे बाद मथुरा जंक्शन से राजधानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।