मथुरा में अपराध नियंत्रण में जुटी पुलिस की लापरवाही का नमूना एसएसपी ने खुद देखा। रात्रि में थाना राया की बिचपुरी चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी चेक करने पहुंचे एसएसपी को पूरी चौकी के सिपाही व प्रभारी सोते मिले।
एसएसपी ने प्रभारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच बैठा दी और सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी गुलाब सिंह रविवार रात 12:40 बजे अचानक थाना राया क्षेत्र की बिचपुरी चौकी जा पहुंचे। अलीगढ़ तथा हाथरस जनपद की सीमा पर बनी बिचपुरी चौकी के प्रभारी राजेश बाबू यादव खर्राटे भर रहे थे। उनकी बगल में ही सिपाही संतोष कुमार तथा कांस्टेबिल क्लर्क राजबहादुर भी चादर तान सो रहे थे।
तीनों को सोते देख एसएसपी का पारा चढ़ गया और रात्रि में ही वायरलैस सेट पर सभी थानाध्यक्षों, बीट प्रभारियों की लोकेशन लेने लगे।
एसएसपी ने बिचपुरी चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए और दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी ने रात्रि में ही कंट्रोलरूम पर तैनात लोगों की वायरलेस पर हाजिरी ली और रात्रि में किए गए मेसेज के बारे में पूछताछ की। एसएसपी के कड़े तेवर देख पुलिस कर्मियों के हलक सूखे रहे।