मथुरा। कान्हा की नगरी में हर तरफ ईद की खुशी झलक रही है। मुसलिम समाज के लोग रोजा रखने और खरीददारी में जुटे हुए हैं। जमकर नए कपड़े खरीदे जा रहे हैं तो सिवईयां, खिलौने एवं अन्य आइटमों की भी जमकर बिक्री हो रही है। इसके चलते लंबे समय से ठंडे पड़े बाजार गुलजार नजर आ रहे हैं।
ईद का हर मुसलिम को बेसब्री से इंतजार रहता है। रमजान का महीना पाक और बरकत देने वाला होता है। मान्यता है कि इस माह में रोजा रखने से सभी पर रब की रहमत बरसती है। रमजान में पूरे माह कुरान शरीफ पढ़ी जाती है। इस माह अल्लाह की इबादत करने से सभी को सुकून और जन्नत नसीब होती है। रविवार देर रात तक लोगाें ने ईद की खरीदारी की। महिलाओं ने सेंवई, कपडे़ और तोहफे खरीदे। विशेषकर मुसलिम महिलाएं उत्साहित नजर्र आइं।
शहनाज बेगम ने बताया कि इस बार मैंने और तीनाें बच्चाें ने रोजा रखे हैं। इस पवित्र महीने का हम सभी को इंतजार था, मेरे दोनाें बेटों ने पहली बार पूरे माह रोजा रखे। शमरीन के अनुसार हर मुसलिम को रोजा जरूर रखना चाहिए। अल्लाह ताला रोजेदाराें को जहन्नुम से छुटकारा अता करते हैं। ईद पर मेरे चच्चा मुझे ईदी और तोहफे देंगे।
सुमबुल खान कहती हैं कि ईद मुझे इसलिए पसंद है कि नए कपड़े पहनने को और अच्छे-अच्छे पकवान खाने का मिलते हैं। शायरा बताती हैं कि कल सुबह नमाज अदा करने के बाद सभी को हम ईद की बधाई देंगे। इसके बाद मेहमानों का आना जाना शुरू हो जाएगा।