मथुरा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में शामिल होने के लिए मथुरा में 6 जिलों के परीक्षार्थी आए थे। इन परीक्षार्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने 90 बसों का संचालन किया। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई।
नए बस स्टैंड के स्टेशन अधीक्षक संतोष अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा को लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बसें चलाई गई थीं। सभी छात्रों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की बसें लगातार चलीं। डिपो से 160 बसों का संचालन किया गया, इसमें 90 बसें केवल परीक्षार्थियों के लिए ही चलाई गईं। उन्होंने कहा कि मथुरा में कानपुर, उरई, फिरोजाबाद, फतेहपुर, हापुड़ व उन्नाव के छात्र परीक्षा देने आए थे। इस दौरान छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी गई। दो दिन लगातार डिपो की बसें संचालित हुईं।
परीक्षार्थियों के लिए 3 ट्रेनों का विस्तार भी किया
रेलवे जंक्शन से परीक्षार्थियों के लिए आगरा, इटावा, कानपुर, झांसी और फिरोजाबाद के लिए ट्रेन चलाई गईं। यह ट्रेन जंक्शन से दोपहर एक बजे शुरू हुईं और शाम 6 बजे तक चलीं। इसके अलावा रेलवे ने परीक्षार्थियों के लिए 3 ट्रेनों का विस्तार भी किया था। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गईं थीं। जिससे उन्हें आने-जाने में परेशानी नहीं हो।