बोर्ड परीक्षा को लेकर बैठक करते जिलाधिकारी
- फोटो : बोर्ड परीक्षा को लेकर बैठक करते जिलाधिकारी
मथुरा। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में बुधवार को डीएम चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को नकलविहीन संपन्न करने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 120 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 10 राजकीय विद्यालय, 73 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय तथा 37 वित्तविहीन विद्यालय हैं। हाईस्कूल के 34972 तथा इंटरमीडिएट के 37478 कुल 72450 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों को चेक करें, स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें तथा सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक समय से केंद्रों पर उपस्थित रहकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। बोर्ड परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी, जिसमें सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा सायं 02:00 बजे से 05:15 बजे होंगी।
परीक्षा में 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 120 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 120 केंद्र व्यवस्थापक, 120 वाहन केंद्र व्यवस्थापक तथा 4705 कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज मथुरा में रखे हैं, जिसकी सुरक्षा सशस्त्र पुलिस बल द्वारा की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि सभी केंद्रों पर पुलिस बल उपलब्ध होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि जिले में 6 सचल दल निरंतर भ्रमण शील रहेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त, व्यवस्थापक, स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।