वृंदावन (मथुरा)। बांकेबिहारी मंदिर के पास एक पुजारी के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर दो लाख की नकदी व पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बांकेबिहारी मंदिर के गेट नंबर पांच के पास रहने वाले पुजारी मदन गोपाल गोस्वामी 23 जून को परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के नगरकोट में दर्शन करने गए थे। 27 जून की शाम लौटे तो घर में सामान इधर-उधर फैला देख होश उड़ गए। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें चोरी होने की जानकारी मिली। बिहारीजी मंदिर पुलिस चौकी को सूचना दी और एफआईआर दर्ज कराई।
चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने सीसीटीवी फुटेज लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुजारी के अनुसार चोर दो लाख रुपये की नकदी और पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। मंदिर के समीप दिन में हुई घटना से लोग सकते में हैं, क्योंकि यहां दिनरात पुलिस का पहरा रहता है। पांच नंबर गेट वीआईपी प्रवेश द्वार है जहां पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है, वहीं चौकी भी चंद कदम दूर है।