महावन। गोकुल का प्राचीन परिक्रमा मार्ग काफी समय से कच्चा है। मार्ग में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इसमें पानी भरने से दलदल हो जाता है। देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को परिक्रमा करने में परेशानी होती है। परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण व गोकुल के विकास को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र को एक पत्र सौंपा था।
इसमें गोकुल के प्राचीन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग की थी। इस प्रस्ताव पर परिषद ने 7 करोड़ रुये की मंजूरी प्रदान की है। पीडब्ल्यूडी के जेई कपिल शर्मा परिक्रमा मार्ग का एस्टीमेट तैयार कर रहे हैं। वहीं उप जिलाधिकारी कंचन गुप्ता के निर्देश पर परिक्रमा मार्ग में सड़क आदि की रिपोर्ट लेखपाल पवन चौधरी द्वारा तैयार की जा रही है।
परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण, पूतना कुंड से लेकर कमल कुंड, रामलीला मैदान, गोपतलाई, मोर वाला बगीचा, वासुदेव दरवाजा, रामलीला मैदान, हरियल टीला, जसोदा घाट, ठकुरानी घाट तक परिक्रमा मार्ग बनाया जाएगा मार्ग में जगह-जगह शौचालय व लाइट, बैठने के लिए बेंच, यात्री शेड भी बनाए जाएंगे, जिससे तीर्थ यात्रियों को परेशानी न हो। संवाद