मथुरा। मथुरा-वृंदावन में गंगाजल आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित क्षेत्रों में पानी टैंकरों से जलापूर्ति बढ़ा दी है। रविवार को आठ एमएलडी गंगजाल आपूर्ति होने से जलकल विभाग ने 48 टैंकरों से विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति कराई, लेकिन फिर भी लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
ये गंगाजल बुलंदशहर से पाइप लाइनों के माध्यम से गोकुल बैराज आता है। इसके बाद शहर में आपूर्ति की जाती है, लेकिन सात अक्तूबर से बुलंदशहर के पालड़ा झाल पर बने सेंडीमेंटेशन टैंकों की वार्षिक सफाई कराई जा रही है। यही कारण कि मथुरा-वृंदावन में आठ एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हो रही है। इससे संबंधित वार्डों में जल संकट गहराने लगा है। रविवार को जलकल विभाग ने 48 टैंकरों से संबंधित वार्डों में जलापूर्ति कराई। साथ ही विभाग ने जलापूर्ति के लिए हेल्पलाइन नंबर 8077998278 जारी किया है। महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने कहा कि अगर कहीं पानी संकट हो तो, हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। संबंधित वार्ड में टैंकरों से जलापूर्ति कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दिवाली तक गंगाजल आपूर्ति बाधित रहेगी।