मथुरा। जयगुरुदेव इंटर कॉलेज के क्रीड़ा प्रांगण में सोमवार को आयोजित मथुरा ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में करीब 400 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया। इसमें जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए विकासखंड की टीम का चयन किया गया।
शुभारंभ प्रधानाचार्य शोभाराम यादव, सीपी सिंह और जिला व्यायाम शिक्षक प्रभुकांत उपाध्याय ने किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 और 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय मुकराई के प्रशांत प्रथम तथा अरहेड़ा के प्रिंस द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में विकेश प्रथम, प्रशांत द्वितीय और प्रिंस तृतीय रहे।
प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में पीएमश्री बाटी की गुंजन प्रथम, मोनिका द्वितीय और नेहा तृतीय रहीं। 200 मीटर में लवली प्रथम, अवनी द्वितीय और गुंजन तृतीय रहीं। कबड्डी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में प्राथमिक विद्यालय बाटी की टीम विजेता और अरहेड़ा की टीम उपविजेता रही। जूनियर बालक वर्ग की दौड़ में पीएमश्री बाटी के विष्णु प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय जखनगांव के जतिन प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय मुकराई के मयंक द्वितीय और उच्च प्राथमिक विद्यालय मुकुंदपुर के आयुष तृतीय रहे।
जूनियर वर्ग की कबड्डी और खो-खो में उच्च प्राथमिक विद्यालय बाटी की टीम विजेता रही, जबकि बालिका कबड्डी में उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला बिहारी की टीम प्रथम रही। प्रतियोगिता ब्लॉक व्यायाम शिक्षक प्रमोद कुमार के निर्देशन में हुई। इस दौरान रोहतास सिंह, इंद्रदेव तिवारी, हरजीत सिंह सोलंकी, जिला व्यायाम शिक्षक सीमा शर्मा, जय उपाध्याय, कमल शर्मा, राजू रावत, निशांत उपाध्याय, प्रवीण शर्मा, राजीव तहरिया, लोकेश कुंतल, मुकेश शर्मा, नटवर सिंह मौजूद रहे।