मथुरा। विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह के पैतृक गांव जानू से महरौली तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए शासन से 4.67 करोड़ रुपये की परियोजना में से 3.7 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं
गोवर्धन के भाजपा विधायक का पैतृक गांव जानू है। यहां से गोवर्धन-बरसाना रोड को पलसों में जोड़ने वाला मुख्य मार्ग महरौली तक 5.5 मीटर चौड़ा है जबकि महरौली से जानू तक 2.6 किमी सड़क मात्र 3 मीटर चौड़ी है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने इस सड़क के 5.5 मीटर चौड़ीकरण की परियोजना बनाकर शासन को भेजी थी। इसके लिए शासन ने विगत दिनों 4.67 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। वहीं इसके लिए 3.7 करोड़ रुपये की किश्त भी अवमुक्त कर दी गई है। इसके साथ इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोनिवि प्रांतीय खंड के एक्सईएन गुलवी सिंह ने बताया कि महरौली-जानू मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन से 4.67 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे 2.6 किमी रोड का 5.5 मीटर चौड़ीकरण होगा। इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है।