वृंदावन। वीजा और हवाई टिकट दिलाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गौरानगर निवासी अंकित चौहान ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके एक परिचित व्यक्ति ने विदेश भेजने के लिए वीजा और टिकट की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया था। इस पर उसने आरोपी को लगभग तीन लाख साठ हजार रुपये दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो उसका कार्य कराया और न ही पैसे वापस किए। पिछले करीब एक सप्ताह से आरोपी फोन पर भी बात नहीं कर रहा है।
कई बार संपर्क करने के प्रयास के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पीड़ित ने आरोपी के मोबाइल नंबर तथा लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित के शिकायती पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।