मथुरा। वन महोत्सव के चौथे दिन रविवार को पूरे जिले में 26 लाख 28 हजार पौधे रोपे गए। विधायक से लेकर मंत्री तक ने पौधे लगाकर लोगों को पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित किया।
सभी ब्लॉक सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण किया गया। शासन द्वारा मथुरा में 31 लाख 56 हजार पौधों को रोपने की जिम्मेदारी दी गई। एक जुलाई से वन महोत्सव प्रारंभ हुआ। हर दिन सैकड़ों पेड़ लगाए गए लेकिन रविवार को वृहद पौधरोपण किया जाना तय हुआ। सभी विधायकगण सहित प्रदेश के मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायन, महापौर, नगर आयुक्त के अलावा नोडल अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने भी पौधरोपण किया। टीएफसी वृंदावन सहित सांचौली बदनगढ़ छाता में पौधरोपण किया। सभी ब्लॉक पर पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी ब्लॉक पर बीडीओ आदि ने पौधे लगाए। जिला वन अधिकारी रजनीश मित्तल ने बताया कि रविवार को कुल 26 लाख 28 हजार पौधे लगाए गए।
यह लगाए पौधे
नीम, कंजी, पापड़ी, चिलबिल, जामुन, पाकड़, बरगद, पीपल, केसिया, आंवला, अमरूद, गोल्ड मोहर आदि पौधे लगाए गए।
नोडल अधिकारी कराएंगे सत्यापन
मथुरा जिले के नोडल अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने रोपित कराए गए पौधों को सत्यापित कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इसी के चलते देर शाम तक वन विभाग के कंट्रोल रूम पर अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए पौधों की संख्या की जानकारी एकत्रित की जाती रही।