मथुरा। वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए डाक विभाग ने बड़ी पहल की है। अब वृंदावन डाकघर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डाक उत्पादों की बुकिंग सेवा दिन के साथ-साथ रात में भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही वृंदावन डाकघर जनपद का पहला ऐसा डाकघर बन गया है, जहां 24 घंटे डाक बुकिंग सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
डाक विभाग के इस निर्णय से उन व्यापारियों और श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जिन्हें समय के अभाव के कारण दिन में पार्सल, स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री की बुकिंग कराने में कठिनाई होती थी। अब वे रात में भी आसानी से डाक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। प्रवर अधीक्षक डाकघर विजेंद्र ने बताया कि वृंदावन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनकी जरूरतों और स्थानीय व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए डाकघर में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अब बुकिंग कार्य अब तीन शिफ्टों में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिन के समय काउंटरों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। संवाद