मथुरा। सीबीएसई परीक्षा 2025 के लिए परीक्षा फार्म भरे जाने का काम पूरा हो चुका है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड को भेज दी गई है। इस बार दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में 23769 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इस बार जिले में संचालित सीबीएसई बोर्ड के 135 विद्यालयों के छात्र सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इस वर्ष की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए सीबीएसई 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 12,983 छात्रों ने फार्म भरे हैं। जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 10,786 छात्रों ने फॉर्म भरा है। गत वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए करीब 11 हजार, जबकि 12वीं की परीक्षा में करीब 10,500 छात्र सम्मिलित हुए थे।
सीबीएसई के जिला कोऑर्डिनेटर अनिल यदुवंशी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए सीबीएसई ने सैंपल पेपर लॉन्च कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र सैंपल पेपर जरूर पढ़ें। किताबों के सभी चैप्टर भी अच्छे से तैयार कर लें। अच्छे अंक लाने के लिए छात्र ज्यादा से ज्यादा समय पढ़ाई को दें। सोशल मीडिया सक्रिय रहना और ज्यादा समय तक टीवी देखना परीक्षा तक बिल्कुल बंद कर दें।