मथुरा। रेलवे में टिकट कलेक्टर (टीसी) की नौकरी दिलवाने के नाम पर जालसाज ने 23.25 लाख रुपये तीन युवकों से ठग लिए। उसके बाद इन तीनों को नियुक्ति पत्र तक सौंप दिया। बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा होने पर तीनों ने ठगा समझा। दी गई रकम वापस न मिलने पर थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कराया। हाईवे पुलिस ने बुधवार को जालसाज को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एसएचओ उमेश चंद त्रिपाठी ने बताया कि जालसाज हरीश कुमार पुत्र राधेश्याम निवासी एफ./सी-43 चंदनवन फेस प्रथम को जेल भेजा है। एसएचओ ने बताया कि रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी दिलवाने की एवज में तीन युवकों से करीब 23.25 लाख रुपये की ठगी है। जालसाज ने इन तीनों युवकों को नियुक्ति पत्र भी सौंप दिए, लेकिन यह नियुक्ति पत्र फर्जी निकले तो तीनों युवकों ने अपने का ठगा महसूस किया। एसएचओ ने बताया कि राधाचरण निवासी दुर्गापुरी सौंख रोड से 5.50 लाख, मनोज निवासी डीग से 11.75 लाख और तीसरे युवक राहुल निवासी टाउनशिप से 6 लाख रुपये जालसाज ने ठग लिए। हालांकि तीनों युवकों ने ही थाने में पिछले साल मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा भी अन्य लोगों को इसने ठगा है, पर कोई मुकदमा दर्ज कराने नहीं आया।