मथुरा। उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद ने उत्तर प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए अब अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 मई कर दी है। पॉलिटेक्निक कोर्स में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अच्छी खबर है। जो विद्यार्थी आवेदन करने से रह गए थे वह आवेदन कर सकते हैं। जिले में 58 पॉलिटेक्निक कॉलेज हैं। इनमें तीन सरकारी और 55 प्राइवेट हैं।
श्री अनारदेवी खंडेलवाल महिला पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीबी सिंह ने बताया कि जिले में अबतक 2100 से अधिक आवेदन प्रवेश के लिए हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट का परिणाम देरी से आने के कारण कई छात्र पॉलिटेक्निक कोर्स करना चाहते थे लेकिन वह आवेदन नहीं कर पाए थे इसके चलते आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्रांच में 60 सीटें हैं। विभाग की तरफ से पॉलिटेक्निक चलो अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे कोई भी आवेदन करने वाला छात्रा वंचित नहीं रह जाए। इस अभियान में जो भी आवेदन करना चाहता है उसको सभी जानकारी देकर आवेदन करा रहे हैं।