मथुरा। जिले में बृहस्पतिवार को 2 और नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें एक महिला भी शामिल है। अब जिले में कुल 18 सक्रिय केस हो गए हैं। देहात क्षेत्र में भी अब कोरोना पैर पसार रहा है। जनपद में लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। जहां बुधवार को एक साथ 10 संक्रमित मिले। वहीं बृहस्पतिवार को 2 नए संक्रमित मिले। इनमें एक महिला भी शामिल है। यह महिला भीम नगर की रहने वाली है। एक अन्य संक्रमित ग्रामीण क्षेत्र सोनई का निवासी है। विभाग की टीम संक्रमितों के घर पहुंची। वहां परिजन के सैंपल लिए गए। संक्रमितों को होम आइसोलेट करते हुए आवश्यक दवाएं दी गईं। इधर फरह, राया, छाता और गोवर्धन में भी संक्रमित मिल चुके हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि अब कोरोना संक्रमण न सिर्फ शहरी वरन देहात क्षेत्र में भी फैल रहा है। अत: अब ग्रामीणों को भी कोविड के प्रति सजग रहना होगा। कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा।