वृंदावन (मथुरा)। भगवान बद्रीनाथ के बृहस्पतिवार को कपाट खुल गए। खास बात ये रही कि भगवान बद्रीनाथ को मथुरा के पेड़ों का विशेष भोग लगाया गया है। यह पेड़े मथुरा से बाबा के एक भक्त लेकर गए हैं। बाबा के भक्त अजय तिवारी पिछले 23 सालों से अपनी बाइक से बद्रीनाथ जा रहे हैं। इस बार उन्होंने 111वीं बार बद्रीनाथजी के दर्शन किए। इस बार अजय बाबा के प्रसाद के लिए 251 पेड़े लेकर गए हैं। मंदिर पहुंचने पर बद्रीनाथ जी के मुख्य धर्म अधिकारी राधा कृष्ण थपलियाल, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने प्रसाद लिया और बाबा को निवेदित किया। अजय तिवारी ने बताया कि वह 3 दिन में यह यात्रा पूरी करते हैं। वह 25 अप्रैल को मथुरा से बद्रीनाथ के दर्शन के लिए सुबह 5 बजे निकले और बृहस्पतिवार की दोपहर बद्रीविशाल पहुंच गए। यहां कपाट खुलते ही पुजारियों के माध्यम से मथुरा का पेड़ा भेंट किया।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह बद्रीनाथ के दर्शन जरूर करें। उन्होंने कहा कि 111 बार की हमने शपथ ली थी और आज हमने अपनी शपथ को पूरा भी कर लिया। आगे ठाकुर जी की जैसी इच्छा होगी हम वैसा ही करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले 10 सालों से वह होली पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान से गुलाल लेकर भी जाते रहे हैं।