मथुरा। बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने मथुरा-वृंदावन में नियमों का पालन न करने वाले ई-रिक्शा और टेंपो के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 665 ई- रिक्शा और टेंपो का चालान किया। वहीं 18 ई-रिक्शा और टेंपो सीज किए।
एसपी यातायात मनोज कुमार यादव ने बताया कि एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में यातायात नियमों का पालन न करने वाले टेंपो और ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दोषपूर्ण नम्बर प्लेट, बिना नंबर प्लेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना परमिट, बिना फिटनेस, निर्धारित स्थान पर सवारी न बैठने वाले तथा ओवरलोड सवारी बैठाने वाले ई-रिक्शा और टेंपो के चालान और सीज की कार्रवाई की गई। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन में फुटपाथ खाली कराया गया। एसपी यातायात ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।