17.34 लाख मतदाता शनिवार को 56 प्रत्याशियों पर अपना फैसला ईवीएम में दर्ज कराएंगे। जिले की पांच विधानसभाओं के लिए होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को मंडी परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना होने के बाद पहुंचने का भी संदेश आ गया।
मंडी परिसर में शुक्रवार की सुबह ही कर्मचारी चुनाव ड्यूटी के लिए यहां पहुंच गए थे। ड्यूटी पत्र, ईवीएम और बस्ता वितरण के लिए यहां विधानसभा वार कैंप लगाए गए थे। 2,070 पोलिंग पार्टियों की रवानी के लिए डीएम नितिन बंसल, एसएसपी मोहित गुप्ता सहित प्रशासनिक और पुलिस अफसर यहां डेरा डाले रहे।
सुबह 7 बजे से शुरू हुई ये प्रक्रिया करीब तीन बजे तक चली। इस दौरान मंडी परिसर में मेला जैसा माहौल रहा। पीठासीन अधिकारियों ने मतदान से जुड़ी सामग्री लेने के बाद ईवीएम की जांच भी की। शाम पांच बजे तक सभी पोलिंग पार्टियों के मतदेय स्थलों पर पहुंचने का संदेश भी मिल गया।