हरिद्वार से गंगास्नान कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप बृहस्पतिवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 11 बालिकाओं, तीन युवतियों और दो युवकों सहित 16 घायल हो गए।
नौहझील-गौमत रोड स्थित बृजधाम फार्म हाउस के समीप सुबह लगभग छह बजे ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी में तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई।
ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।थाना प्रभारी सोनू सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने पुलिस फोर्स व लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी नौहझील भिजवाया। पुलिस ने बताया कि 18-20 बालिकाओं ने कार्तिक मास का नियम किया था।
कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को हरिद्वार स्थित गंगा स्नान कर बुधवार रात लगभग साढ़े 8 बजे सभी अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। तड़के जब वे नौहझील क्षेत्र से गुजर रहे थे तभी हादसा हो गया। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह हुए घायल
जहां चिकित्सकों ने नगला भूपसिंह निवासी डॉली (17), पूजा (18), नीरज (32), दुर्गेश (17), काजल (15), रामकिशन (38), कोमल (12), निशा (14) और थाना मांट के गांव बिजौली निवासी गरिमा (15), विक्रम (23) व रचना (15) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। वहीं गंभीर रूप से घायल थाना मांट के गांव नगला भूपसिंह निवासी चार बालिकाओं दीक्षा (15), प्रभा (12), लक्ष्मी (15), खुशबू (12) और युवती राधा (20) को प्राथमिक उपचार के बाद मथुरा रेफर कर दिया।