राधाकुंड। नगर के तीन प्रमुख कुंडों, शिव कुंड, मल्हार कुंड और गोपाल कुंड का सुंदरीकरण कार्य जारी है। इन पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व वाले कुंडों के विकास पर कुल 1.20 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। यह जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष रामफल मुंशी ने दी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष रामफल मुंशी ने बताया कि शासन स्तर से राधाकुंड के विकास के लिए विशेष धनराशि आवंटित की गई है। इसका उद्देश्य तीर्थ नगरी के धार्मिक स्वरूप को और अधिक भव्य बनाना है। इन योजनाओं के तहत कुंडों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। घाटों को पक्का किया जाएगा और लाइटिंग की व्यवस्था होगी। कुंडों के चारों तरफ सुंदरीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे। मुंशी ने कहा कि इन ऐतिहासिक कुंडों के संवरने से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। इससे कस्बे का पर्यटन स्वरूप निखरकर सामने आएगा।
-
शिव, गोपाल और मल्हार कुंड संवरेंगे
मिश्रा मोहल्ला, रामलीला मैदान स्थित शिव कुंड का सुंदरीकरण बंधन योजना के अंतर्गत हो रहा है। इस पर 40 लाख रुपये की लागत आएगी। पाडल रोड स्थित मल्हार कुंड का कायाकल्प भी 40 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके लिए शासन द्वारा नगर पंचायत को विशेष रूप से धनराशि आवंटित की गई है। छटीकरा रोड स्थित गोपाल कुंड के सुंदरीकरण कार्य पर भी 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह कार्य वंदना योजना के तहत किया जा रहा है। अध्यक्ष रामफल मुंशी ने बताया कि इन ऐतिहासिक कुंडों के संवरने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।