अब किसानों को कृषि सुविधाओं के लिए इधर से उधर भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य सरकार ब्लाक स्तर पर कृषि केंद्र एग्री जंक्शन की स्थापना करने जा रही है। जिले में 12 केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान कर दी गई है।
राज्य सरकार की ओर से कृषि में प्रशिक्षित युवाओं की सेवाओं का उपयोग करने का फैसला किया गया है। अब इनके माध्यम से किसानों को उनके फसल उत्पादन के लिए कृषि केंद्र (एग्री जंक्शन) के बैनर तले ‘वन स्टाप शॉप’ की समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यह कृषि केंद्र मृदा परीक्षण, उर्वरक उपयोग, उच्च गुणवत्ता के बीज, उर्वरक, माइक्रोन्यूट्रियंट्स, वर्मी कंपोस्ट, कीटनाशक, जैव कीटनाशक सहित समस्त कृषि निवेशों की आपूर्ति, लघु कृषि यंत्र किराए पर उपलब्ध कराए जाने की सेवा एक छत के नीचे उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान करेंगे।
इसके अलावा कृषि उपकरणों की मरम्मत-अनुरक्षण, पशु आहार, कृषि उत्पादों और प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों की बिक्री, मौसम आदि संबंधी सूचनाओं के लिए सूचना विज्ञान नियोजन की स्थापना कराई जाएगी। सीडीओ मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कृषि स्नातक इन केंद्रों को स्थापित कर सकेंगे। इसमें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।