कोसीकलां में व्यापारियों को जागरुक करते हुए वाणिज्यकर अधिकारी। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। अग्रवाल धर्मशाला में बृहस्पतिवार को वाणिज्य कर विभाग के तत्वावधान में जीएसटी पंजीयन जागरूकता अभियान को लेकर कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन कराने से होने वाले लाभों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर गुलाब चंद ने व्यापारियों से कहा कि जीएसटी पंजीयन लेने से 10 लाख रुपये का मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना का लाभ मिलता है, इसके लिए उनको कोई प्रीमियम जमा नहीं करना पड़ता।
यदि व्यापारी का 40 लाख रुपये (ट्रेडर्स) व 20 लाख रुपये (सेवा प्रदाता) से ऊपर का टर्नओवर है, तब पंजीयन कराना आवश्यक है। जिन व्यापारियों का इससे नीचे का कारोबार है, वह भी पंजीयन लेकर राज्य व राजस्व में सहायक हो सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वाणिज्य कर कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाई गई है। जिसमें पंजीयन व रिटर्न दाखिल आदि समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इस दौरान व्यापारियों की शंकाओं का निस्तारण भी अधिकारियों द्वारा किया गया।
शिविर में अशोक बठैनिया, संजय बठैनियां, पूर्व चेयरमैन भगवत रुहेला, अंकित मालविया, पुनीत जैन, बलबंत सिंह, जितेन्द्र अग्रवाल, हरीश चंद, त्रिलोक पचौरी, दीनदयाल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।