फुटपाथ पर मां के संग सो रही एक वर्ष की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस हुलिए के आधार पर अब महिला की तलाश में जुट गई है।
वृंदावन के रमणरेती चौकी के पास फुटपाथ पर मां के संग सो रही एक वर्ष की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तब जाकर अहम सुराग हाथ लगे हैं। अपहरणकर्ता एक महिला बताई गई है और वह कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस हुलिए के आधार पर अब महिला की तलाश में जुट गई है। वहीं दूसरी ओर बच्ची के न मिलने पर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। वह पूरे दिन चौकी पर ही बैठी रहती हैं।
विज्ञापन
हाथरस की रहने वाली गुड्डी देवी अपने पति से अलग होकर वृंदावन में रमणरेती चौकी के पास फुटपाथ पर रहती थीं। बृहस्पतिवार रात को सोते समय कोई महिला उनकी बच्ची को वहां से उठाकर ले गई। पुलिस ने इस मामले में अपहरण की एफआईआर दर्ज की है। कैमरे में कैद महिला की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई हैं, जो मथुरा के अलावा आसपास के जनपदों में पता कर रही है।