गांव हाथिया में गोकशी को लेकर हुए बवाल और फायरिंग के मामले में अधिकारियों ने सुलह और शांति के प्रयास किए। इस क्रम में दोनों पक्षों की अलग अलग हुई पंचायत के बाद 30 सदस्यीय कमेटी की पंचायत हुई। जिसमें गोकशी करने वाले तीन लोगों पर एक लाख पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है।
पांच दिन पहले हुई गोकशी की घटना के बाद युवक की पिटाई से हाथिया में पनपे तनाव और रविवार को पंचायत में हुई फायरिंग के बाद सोमवार को अधिकारियों ने सुलह के प्रयास किए थे। इसमें एसडीएम छाता सुरेंद्र कुमार, सीओ छाता अतुल श्रीवास्तव और एसपी देहात अजय कुमार ने दोनों पक्षों की पंचायत कराई। इसमें 15-15 संभ्रांत लोगों को नामित कर उनकी कमेटी बनाई गई। इसके बाद दोबारा पंचायत हुई। पंचायत सदस्य पदम फौजी और बलदेव प्रधान ने बताया कि दोनों समुदाय संभ्रात लोगों की पहल पर कायम हैं।
फौजी ने बताया कि पंचायत ने गोकशी करने वाले तीन लोगों को चिन्हित कर उन पर एक लाख पांच हजार का जुर्माना लगाया है। पंचायत की ओर से यह भी तय किया गया है कि गोकशी करते पकड़े जाने पर 50 हजार अलग से जुर्माना देय होगा। साथ ही गोकशी की सटीक और तथ्य सहित सूचना देने वाले को 11 हजार रुपये ईनाम दिया जाएगा।
‘हाथिया में शांति कायम है। पीएसी, कोबरा टीम और पांच थानों की पुलिस लगातार तीन दिन से गांव में तैनात हैं। गांव में शंाति और सुलह के लिए प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक ली गई थी। संभ्रात लोगों की ओर से अच्छी पहल की जा रही है। अभी गांव में एक सप्ताह तक पुलिस तैनात रह सकती है।’
-अजय कुमार, एसपी देहात