उत्तर प्रदेश में संभल के एक युवक को निकाह से इंकार करना महंगा पड़ गया। फिल्मी अंदाज में दिल्ली से आईं कार सवार युवतियों ने उसको अगवा कर लिया और अपने साथ लेकर चली गईं।
पुलिस ने घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मुहल्ला चमन सराय निवासी मोहम्मद अनीस का पुत्र मोहम्मद फहीम दिल्ली में रहकर कपड़े की सिलाई का काम करता है। इसी दौरान उसकी पहचान वहां पड़ोस में रहने वाली युवती से हुई। कुछ ही दिन में दोनों में प्यार हो गया।
इसके बाद युवती ने फहीम से निकाह करने का प्रस्ताव रखा। पहले तो वह टालमटोल करता रहा मगर बाद में मुकर गया। इस पर युवती ने फहीम को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। तीन साल पहले फहीम ने दिल्ली छोड़ दिया।
वह दिल्ली से अहमदाबाद में काम करने चला गया। इस दौरान युवती फहीम के बारे में जानकारी करती रही। ईद पर फहीम घर आया था, जिसकी जानकारी युवती को हो गई।
बृहस्पतिवार को युवती अपनी सहेलियों व साथियों के साथ कार से संभल पहुंच गई। वह सीधे फहीम का घर पता करते हुए पहुंची और उसे जबरन कार में बैठा लिया। जिसके बाद सभी वहां से चले गए।
घटना की जानकारी होते ही फहीम के भाई ने कोतवाली में दिल्ली की युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।