किशनी। थाना क्षेत्र में नंदपुर गांव के पास डैम पार करते समय एक युवक पैर फिसलने से नदी में डूब गया। पानी में डूूबने से उसकी मौत हो गई। शनिवार को सुबह युवक का शव पानी में तैरता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्राम नंदपुर निवासी राजीव जाटव का 18 वर्षीय पुत्र शिवम उर्फ बादल शुक्रवार की शाम लगभग 3 बजे खेत की रखवाली करने घर से गया था। पिता राजीव ने बताया कि अरिंद नदी पर बने डैम से उतरते समय शिवम का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चला गया। शनिवार की सुबह नदी के पास पहुंचे तो शिवम का शव पानी में तैरता देखा। परिजन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।