मैनपुरी के भोगांव में पशुओं को चारा डालने को लेकर बड़े भाई से कहासुनी के बाद गुस्से में युवक नदी में कूदने के लिए घर से निकल गया। बड़े भाई ने काफी रोका मगर, युवक धक्का देकर काली नदी में कूद गया। काफी तलाश के बाद भी बृहस्पतिवार शाम तक युवक का पता नहीं लग सका था। घटनास्थल पर परिजन युवक के सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं। उधर, गोताखोर नदी में खोज रहे हैं।
थाना क्षेत्र के भवानी नगर दानचौरा निवासी 20 वर्षीय रंजीत दिवाकर गांव के पास स्थित ईंट भट्ठा पर खच्चर की ठेल से ईंट ढोने का काम करता है। उसके तीन बड़े भाई भी उसके साथ यहीं काम करते हैं। बुधवार शाम को पशुओं को चारा डालने को लेकर बड़े भाई से कहासुनी हो गई। इसके बाद रंजीत गुस्से में घर से बाहर निकल गया, वह काली नदी में कूद कर जान देने की बात कह रहा था। परिजन घबरा गए और बड़ा भाई करू पीछे से समझाने के लिए चला गया। मगर, रंजीत गुस्से में गांव हसरा काली नदी तक नहीं रुका।