फोटो 38 पदक के साथ योगेश माथुर और जया सक्सेना। स्रोत स्वयं
मैनपुरी। राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के 13 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप के अलग-अलग वर्गों में योगेश माथुर ने रजत और जया सक्सेना ने कांस्य पदक जीतकर नाम रोशन किया है।उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के तत्वावधान में कानपुर के आर्य नगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में 1 से 3 मई को राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के 63 जिलाें के 2500 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप में मैनपुरी ताइक्वांडो एसोसिएशन के 13 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग के ताइक्वांडो पूमसे अंडर-40 में योगेश माथुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग अंडर-59 किग्रा भार वर्ग में जया सक्सेना को कांस्य पदक मिला है। टीम मैनेजर रिचा राजपूत, प्रशिक्षक आयुष सहित अन्य खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है।