फोटो 14 बारिश के बीच दंगल केसरी की कुश्ती के लिए भिड़ते पहलवान। संवाद
घिरोर। कोसमा में शुक्रवार की देर शाम दंगल का आयोजन किया गया। पहलवानों ने अपने-अपने दांव-पेंच दिखाए। आधे घंटे और तीन राउंड के बाद जब झंडे की कुश्ती में कोई किसी को परास्त नहीं कर सका तो मुकाबला बराबरी पर छुड़वा दिया गया।
दंगल की शुरुआत होते ही तेज बारिश शुरू हो गई। अखाड़ा पानी से भर गया। इसका कारण आयोजकों को कई बार खेल को रोकना पड़ा। तेज बारिश में भी दर्शक झंडे की कुश्ती देखने के लिए देर रात तक जमे रहे। दंगल में सबसे ज्यादा पांच कुश्तियां जीतने का सेहरा जीशान पहलवान मोहम्मदपुर फिरोजाबाद के नाम रहा। झंडे की कुश्ती गौरव पहलवान तिलियानी और पट्टू पहलवान फाजिलपुर के बीच आधे घंटे तक चली। दंगल केसरी का खिताब जीतने के लिए दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पराजित करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। कोई किसी को परास्त नहीं कर सका। रेफरी ने कुश्ती को बराबरी पर छुड़वा दिया। आयोजक जीटू खान ने दोनों पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।