मां मुरादें पूरी कर दे हलुवा बांटूंगी
- फोटो : अमर उजाला
नवरात्र के तीसरे दिन तृतीय देवी मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की गई। पूरे दिन देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए मां शीतला मंदिर पहुंचकर नेजा चढ़ाए। शहर से देहात तक नवदुर्गा महोत्सव के तहत बने पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ उमड़ रही है।
नवरात्र पर्व शुरू होते ही नगर में मां की झांकियां और देवी जागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को मां के तृतीय रूप चंद्रघंटा का पूजन किया गया। मां के भक्त भावना श्रद्धा और विश्वास के साथ व्रत रख रहे हैं। नवरात्र पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रात्रि में देवी गीतों का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्र के गांवों में सुबह से ही महिलाएं और युवतियां ही नहीं छोटी-छोटी बच्चियां भी मंदिरों में रंग बिरंगे परिधानों में हाथों में जल का लोटा लिए हुए देवी गीत गाती हुई मंदिर जाती दिख रही हैं।
देहात में नवरात्र के तीसरे दिन मां के तृतीय रूप चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की गई। पूरे दिन माता के दरबार में माथा टेकने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। चैत्र नवरात्र की चौतरफा धूम है। जगह-जगह दुर्गा मां की प्रतिमाएं स्थापित कर भक्तजन वहां पूजा-अर्चना कर रहे हैं। तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा की गई। देवी मां की भेंटें, लांगुरिया, भजन, कीर्तन आदि चल रहे हैं। शीतला देवी मंदिर, देवी रोड, बाग वृंदावन आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम देर शाम तक चलता रहा।