मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अघार स्थित संतोष नगर चौराहे पर देशी शराब के ठेके के खिलाफ मंगलवार सुबह गांव की करीब दो दर्जन महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। ठेका बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं ने जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने ठेके में रखे शराब के पाउच उठाकर बाहर फेंक दिए और ठेके को आबादी से हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि शराब का ठेका गांव की आबादी के बीचोंबीच स्थित है, जिसके चलते गांव का माहौल खराब हो रहा है। नई उम्र के युवक सुबह से ही शराब पीना शुरू कर देते हैं। शराब के नशे में घर पहुंचकर महिलाओं के साथ मारपीट और लड़ाई-झगड़ा करते हैं। इतना ही नहीं, रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर शराब के नशे में छींटाकशी भी करते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं का कहना था कि शराब के ठेके के कारण गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। आए दिन होने वाली घटनाओं से परेशान होकर अब उन्हें विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को तत्काल हटवाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान रीना देवी, सरला देवी, ईश्वर देवी, ललिता, सुषमा, गुड्डी देवी, रेखा देवी, राजकुमारी, विमला देवी, कुंती देवी, देवकी, शशि, राखी देवी, प्रीति, गिरजा देवी, जानकी, लाजवंती, धन देवी, रामा देवी और रंजना सहित करीब दो दर्जन महिलाएं मौजूद रहीं।