महिला अस्पताल में नहीं सर्जन, हो रही परेशानी
- फोटो : अमर उजाला
अगर आपको आपरेशन कराना है तो बाहर ही जाना होगा। जिले के महिला अस्पताल में आधुनिक संसाधन तो हैं लेकिन सर्जन की तैनाती नहीं है। कई बार मांग के बाद भी सर्जन की तैनात तो नहीं की गई बल्कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक को गैर जिले में स्थानांतरित कर दिया गया। ऐसे में कई लोग तो निजी अस्पतालों में मजबूरन सिजेरियन करा रहे हैं।
जिला महिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन आठ से 10 सिजेरियन आपरेशन आते हैं, लेकिन अब आपरेशन कराने के लिए रोगियों को निजी अस्पताल अथवा हायर सेंटर ही जाना पड़ रहा है। इसका कारण जिला महिला अस्पताल में सर्जन की तैनाती न होना है। ऐसे में गरीब रोगियों के लिए इलाज पाना काफी मुश्किल है। जिला महिला अस्पताल की स्थिति पर नजर डालें तो वहां आधुनिक आपरेशन थिएटर है। वहां किसी महिला सर्जन और एनस्थेटिक की तैनाती ही नहीं है। ऐसे में सिजेरियन आपरेशन के लिए प्रसव पीड़ा होने पर महिला को बाहर ही ले जाना होता है। सबसे ज्यादा परेशानी तो गरीब तबके के लोगों को होती है। निजी अस्पतालों में सीजेरियन के लिए हजारों रुपये जुटाने में उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।