नगर के छोटा बाजार स्थित पूर्व सभासद छेदालाल वर्मा के गैरेज में खड़ी मारुति वैन में अवैध रूप से की जा रही रिफलिंग के दौरान आग लग गई। इससे वहां एक दर्जन गाड़ियां जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची दमकल ने एक घंटे में बमुश्किल आग पर काबू पाया।
नगर के पूर्व सभासद छेदालाल वर्मा की नगर के छोटा बाजार में गैरिज है। वहां किराया पर लोग अपने वाहन खड़ा करते हैं। मंगलवार शाम करीब चार बजे गैरिज में खड़ी एक मारुति वैन का मालिक अवैध ढंग से घरेलू सिलेंडर से उसमें गैस रिफिलिंग कर रहा था। अचानक सिलेंडर में अचानक आग लग गई। वह बुझाने की कोशिश करता इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में गैरिज में एक लाइन से खड़ी एक दर्जन से अधिक गाड़ियां जल गईं। कई गाड़ियों में गैस किट लगी होने के कारण कई धमाके भी हुए। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीं रिफलिंग करने वाला युवक एवं उसका साथी आग से झुलस गया। इसके बाद भी वह घटना स्थल से भाग गया।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को मौके से हटाया। मौके पर तीन दमकल ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग से मोहल्ला मिर्धा निवासी दिलनवाज रजा की आईकोन, मोहल्ला जौहरी निवासी कैलाश की मार्शल, मोहल्ला मिश्राना निवासी रामनरायन वर्मा की स्कार्पियो, रामलीला निवासी मनीष राजपूत की स्कार्पियो, मोहल्ला मिश्राना निवासी अभय चौहान की सूमो, छोटा बाजार निवासी देवेंद्र शाक्य की आईटेन, आशीष शर्मा की स्कूटी और मोहल्ला जौहरी निवासी लोकेश यादव की कार आदि जलकर राख हो गईं। शेष गाड़ियों को युवाओं ने गाड़ियों के शीशा आदि तोड़कर गैरेज से बाहर निकाला।
भीड़ हटाने के लिए किया बल प्रयोग
गैरिज में लगी आग को देखने के लिए भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई थी। बड़ा हादसा न हो जाए इसके लिए पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
अग्निशमन केंद्र खुलवाने की मांग
आए दिन हो रही आगजनी की घटना को लेकर नगरवासियों ने डीएम से अग्निशमन केंद्र खुलवाने की मांग की है। नगर के सुरेंद्र सिंह चैहान, मोहित यादव, राजेंद्र सोनी, राजीव पांडेय, गौरव यादव, अस्तेंद्र गुप्ता, मुकेश अग्निहोत्री आदि ने अग्निशमन केंद्र की स्थापना करवाने की मांग की है।
तीन दिन पहले भी हुई घटनाएं
तीन दिन पूर्व भी नगर के घंटाघर स्थित गैस की दुकान पर अवैध रिफलिंग के दौरान अचानक आग लगने से काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद भी थाना पुलिस ने अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। वहीं एक बार फिर अवैध रिफिलिंग की वजह से इतना बड़ा हादसा हो गया।
आपातकालीन नंबर नहीं उठा
मंगलवार को गैरिज में आग लगी तो स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस को आपातकालीन नंबर पर घटना की सूचना देनी चाही लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद लोग भागर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी।