भूमि संबंधी विवाद में खेलो इंडिया प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता वेटलिफ्टर कीर्ति यादव की मां और बहन को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। आरोपियों का दुस्साहस इतना रहा कि उन्होंने पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने के बाद दोबारा से उनकी पिटाई कर दी। आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम जीटी रोड हाईवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। एसडीएम और सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
भोगांव थाना क्षेत्र में पड़ुआ रोड के पास रहने वालीं कीर्ति यादव ने जनवरी 2025 में बिहार में खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता में भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीत था। उनकी जमीन का विवाद परिवार के ही लोगों से न्यायालय में चल रहा है। उक्त मुकदमे में 30 जुलाई को सुनवाई होनी है। 22 जुलाई को विपक्षी मनोज यादव ने मजदूर लगाकर हाइड्रा से नींव खुदवाकर निर्माण शुरू करा दिया। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद काम बंद कराया गया तो इसी बात से नाराज होकर शुक्रवार सुबह संजू देवी, सुरेंद्र, ब्रजेश निवासी बखतपुर ने कीर्ति की मां शीला देवी और बहन शिवानी की पिटाई कर दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इससे गुस्साए आरोपियों ने शाम को दोबारा मां-बेटी को पीटा। जिससे परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। घायल मां-बेटी को जीटी रोड पर बैठाकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम संध्या शर्मा, सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शीला देवी व ग्रामीणों से बातचीत की। पीड़ितों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने इसका आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे से लगा जाम खुल सका।
घायल शिवानी भी है राज्य स्तरीय खिलाड़ी
भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक विजेता कीर्ति यादव ट्रेनिंग पर हैं। पिटाई में घायल हुई उनकी बहन शिवानी भी भारोत्तोलन में राज्य स्तर पर खेल चुकी हैं। परिजन ने बताया कि पारिवारिक जमीन का विवाद है। आरोपी शिवानी के चाचा हैं।
मौके पर जांच करने गए एसडीएम और सीओ
जाम खुलवाने के बाद एसडीएम संध्या शर्मा सीओ भोगांव के साथ पडुआ रोड गईं। वहां पर जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थाना पुलिस को दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।