कोई भी समाज जब तक संगठित नहीं होगा आगे नहीं बढ़ सकेगा। अब तक वैश्य समाज सिर्फ वोट देता था, सत्ता से उसे कभी कोई मतलब नहीं रहा। अब वो दिन गुजर चुके हैं। हमें सत्ता में बराबर की भागीदारी चाहिए। उक्त विचार वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता ने अपनी स्वाभिमान रथ यात्रा के 14वेें दिन रविवार को नगर में स्थित एक मैरिज होम में व्यक्त किए।
रविवार को जैसे ही रथयात्रा किशनी पहुंची नगर व आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों की संख्या में वैश्य समाज के लोगों ने किशनी बिधूना चौराहे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद कई दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ उनको नगर के बीच से गुजारा गया। जहां पर कई जगह सजातीय लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। काफिला जब नगर पंचायय कार्यालय से गुजरा तो चेयरमैन जैसीराम यादव ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान सुमंत गुप्ता ने कहा कि जब तक हमारे समाज की सत्ता में बराबर की भागीदारी नहीं होगी हम लोगों को कोई नहीं पूछेगा। आज के युग में जो समाज जितनी भीड़ दिखा देगा उसकी पूछ होती है। यात्रा कई जिलों से गुजरती हुई 25 सितंबर को लखनऊ पहुंचेगी। सुमंत गुप्ता ने कहा की हमारा लक्ष्य 2017 आपकी एकता और प्रदर्शन पर टिका है। 116 विधानसभाओ में हमारी संख्या प्रत्याशी को जिताने और हराने का दम रखती है। सभा की अध्यक्षता वेदप्रकाश गुप्ता, संचालन सुधीर गुप्ता ने किया इस मौके पर पालिकाध्यक्ष साधना गुप्ता, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, लक्ष्मीशंकर गुप्ता, रमेश गुप्ता, आदेश गुप्ता, विनोद गुप्ता, राहुल गुप्ता मौजूद थे।