फोटो 6 पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं जिला क्रीड़ाधिकारी।
मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सुधींद्र देव शुक्ला स्मृति अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मैच में लॉर्ड क्रिकेट एकेडमी ने एमसीए रेड को 108 रन के बड़े अंतर से हराकर अपने अभियान का आगाज शानदार जीत के साथ किया। एमसीए रेड की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लार्ड क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 25 ओवर में 7 विकेट खोकर 154 रन बनाए। एमसीए रेड के निखिल ने 3 विकेट झटके। जवाब में एमसीए रेड की टीम 19 ओवर में 46 रन ही बना सकी। दिव्यांश ने 10 रन बनाए। हिमांशू और गुरमीत ने 2-2 विकेट लिए। अंपायरिंग सुनील शुक्ला और सिद्धार्थ चौहान ने, स्कोरिंग शिवम शुक्ला ने की। इससे पहले क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर एमसीए अध्यक्ष महेश मिश्रा, सचिव बीडी शुक्ला, पंकज राठौर आदि मौजूद रहे।