श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के कादंबरी रंगमंच पर शनिवार की रात विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव के संयोजन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें स्थानीय व बाहर से आए कवियों ने कविता पाठ कर देररात तक लोगों को बांधे रखा।
सांसद तेजप्रताप यादव तथा पूर्व सांसद उदयप्रताप सिंह यादव ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद तेतप्रताप ने कहा कि तनाव के क्षणों में कविता इंसान को सुकून देती है। इसके बाद कवि शंभू शिखर ने कहा- मोदी के भाषणों का कभी वेट होगा कम, देख लेना तुम पुलिस का वेट होगा कम। कमलेश शर्मा ने कहा- पुरखे हमारे हैं कबीर कौन कहेगा, खींचेंगे हम बड़ी लकीर कौन कहेगा। भुवन मोहिनी ने कहा- हमारी धड़कनें हैं आप की दोनों हथेली पर, मिलाते आप जब इनको तो मेरी सांस चलती है। डा. भगवान मकरंद ने कहा- 20 रुपये किलो की सब्जी 15 रुपये में ले आए वह मास्टर, 10 रुपये में ले आए वो हैड मास्टर, पांच रुपये में ले आए वो प्रधानाचार्य और जो सब्जी के साथ सब्जी वाली को भी ले आए वो शिक्षामंत्री।
बलराम श्रीवास्तव ने कहा- मिलाकर हां में हां जिया जीवन तो क्या जिया तुमने, किसी से छीनकर अमृत पिया तो क्या पिया तुमने। शबीना अदीब ने कहा- इश्क भी वो जियारत की तरह करते हैं, हम यही काम इबादत की तरह करते हैं, जिनको दौलत से ज्यादा प्यारा कुछ भी नहीं है, वो तो मोहब्बत भी सियासत की तरह करते हैं। पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह यादव, डा. कुंवर बेचैन, डा. हरीओम पंवार, डा. प्रवीण शुक्ला, डा. विष्णु सक्सेना, कीर्ति काले, संजय झाला ने भी काव्य पाठ किया। अध्यक्षता उदयप्रताप सिंह यादव ने तथा संचालन शशीकांत यादव ने किया। संयोजक राजू यादव तथा सह संयोजक दयाशंकर तिवारी ने कवियों सहित अतिथियोें का स्वागत किया। कार्यक्रम में एसपी राजेश एस, एसडीएम सदर अमित सिंह, विधायक ब्रजेश कठेरिया, बलवीर सिंह यादव, सूरज सिंह यादव, किशन दुबे, मुजम्मिल मिर्जा, नसीरउद्दीन वारसी, बाहबुद्दीन आदि मौजूद थे।