निर्माण और पड़ी सामग्री ने बढ़ाई परेशानी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। विकास की राह पर दौड़ रहे शहर की सड़कें संकरी होती जा रही है। कारण जगह-जगह हो रहे निर्माण कार्य और सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री है। रही सही कसर अतिक्रमण और डग्गामार वाहनों की अवैध पार्किंग ने पूरी कर दी है।
एक ओर जिले में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। नई सड़कें बन रही हैं तो शोरूम भी खुल रहे हैं। यही नहीं मेडिकल कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, सैनिक स्कूल का भी निर्माण हो रहा है। दूसरी ओर, शहर की सड़कें संकरी होती जा रही हैं। इसका कारण निर्माण सामग्री का सड़कों पर पड़े होना है। नगर के स्टेशन रोड पर सबसे अधिक शोरूम हैं। सबसे व्यस्त इस मार्ग पर कई प्रतिष्ठान स्वामियों ने निर्माण कार्य की सामग्री सड़क पर डाल रखी है। इस वजह से राहगीरों को इस मार्ग से गुजरने में परेशानी हो रही है। कुछ ऐसा ही नजारा नगर के देवी रोड पर भी देखा जा सकता है। यहां बिजली दफ्तर के सामने एक मकान को तोड़ा गया है इसका सारा मलबा गृहस्वामी ने सड़क पर डाल रखा है। कचहरी रोड पर तो फुटपाथ पर दुकानें सजी हुई हैं। सड़क पर गिट्टी, बालू का ढेर हादसे को दावत दे रहा है। स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालक संजय शुक्ला ने बताया कि कचहरी रोड पर कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया मगर दुकानदार आदतों से बाज नहीं आ रहे। सड़क पर पड़ी गिट्टी बालू की वजह से आए दिन कोई न कोई बाइक सवार चोटिल हो जाता है।
इसके अलावा शहर में डग्गामार वाहनों की अवैध पार्किंग ने भी सड़कें संकरी कर दी हैं। ईशन नदी पुल पर नए फोरलेन सड़क पर भी इसके चलते जाम लग जाता है। यहां यातायात पुलिस और डग्गामार वाहन संचालकों की मिलीभगत के चलते गाड़ियों की अवैध पार्किंग शुरू हो गई है। स्थानीय निवासी विशाल शर्मा ने बताया कि डग्गामार वाहन स्वामियों से यातायात पुलिसकर्मी साठगांठ कर कमीशन फिक्स कर लेते हैं इसी वजह से पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती।
नगर के आगरा रोड, करहल चौराहा, लेनगंज, बजाजा बाजार समेत अन्य कई स्थानों पर भी अतिक्रमण के यही हालात हैं। ईओ रामपाल का कहना है कि शीघ्र ही सड़कों पर निर्माण सामग्री डालने वालों और अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए टीम भेजकर पहले संबंधित लोगों को चेतावनी जारी की जाएगी।