औंछा। थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला रते में बुधवार की सुबह खेत की मेड़़ काटने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष मौके से भाग गए। दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एक युवक के पास से तमंचा बरामद हुआ है।
गांव नगला रते निवासी राहुल कुमार और नेम सिंह का आसपास खेत है। मंगलवार को राहुल के पिता गिरीश चंद्र ने नेम सिंह के खेत की तरफ मेढ़ को काट दिया। बुधवार सुबह मेड़ काटने की बात को लेकर नेम सिंह और राहुल में कहासुनी होने लगी। देखते देखते दोनों पक्षों के दर्जन भर लोग आमने सामने आ गए। उनके बीच मारपीट होने लगी।
मारपीट होते देख किसी व्यक्ति ने थाना औंछा पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची औंछा पुलिस ने नेम सिंह व राहुल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने नेम सिंह के पास से एक तमंचा बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि नेम सिंह को प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया और यहां से जेल भेजा गया है। राहुल के खिलाफ शांतिभंग करने की कार्रवाई की गई है। संवाद