जिला अस्पताल में वायरल फीवर, डायरिया और पेट दर्द से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। इसी के चलते बुखार से पीड़ित दो और बच्चियों की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित 653 से अधिक रोगी पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में सौ से अधिक रोगी वायरल फीवर और उल्टी दस्त, पेट दर्द से पीड़ित थे।
थाना बिछवां क्षेत्र के ग्राम भनऊ निवासी शिवानी (10) अवधेश सिंह को अचानक तेज बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। वहीं थाना कोतवाली के ग्राम ललुपुर निवासी परी (18 माह) पुत्री राकेश को दो दिन पूर्व तेज बुखार आया। परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां दो दिन उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हेा गई।
बुधवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही रोगियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह नौ बजे से ही औषधि वितरण काउंटर पर रोगियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। हर रोगी पहले उपचार लेने के लिए प्रयास कर रहा था। दवा वितरण में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी व्यवस्था संभाले थे। अस्पताल आने वालोें में अधिकांश रोगी बुखार और डायरिया से पीड़ित थे। इनमें से गंभीर हालत होने पर 17 को इमरजेंसी में भर्ती कराया।