मैनपुरी। दो अलग-अलग मामलों में मासूम बच्चे झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक बच्चे को गंभीर हालत में पीजीआई सैफई रेफर किया गया। दूसरे बच्चे को उपचार के बाद बर्न वॉर्ड में शिफ्ट किया गया है। पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा में हुई। गांव निवासी अनिल कुमार का छह माह का पुत्र अविनाश रविवार सुबह करीब 9 बजे आंगन में चारपाई पर लेटा था। उसकी मां रानी पास में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थीं। चूल्हे पर एक तरफ चावल और दूसरी तरफ कड़ाही में गर्म सब्जी पक रही थी। चारपाई पर करवट लेने से अविनाश सीधे गर्म सब्जी की कड़ाही में गिरकर झुलस गया। बच्चे को जिला अस्पताल से पीजीआई सैफई रेफर किया गया। दूसरी घटना बिछवां थाना क्षेत्र के गांव करीमगंज की है। जनेश कुमार के घर में दो वर्षीय पुत्र आयु को नहलाने के लिए पानी गर्म किया जा रहा था। मां जब गर्म पानी लेकर बाथरूम में पहुंची, तभी आयु ने गर्म पानी खुद पर उड़ेल लिया। परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सक ने प्राथमिकी उपचार दिया।